निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्गाबानी चौक से जामताड़ा जाने वाली मुख्य सड़क से कुछ दूरी अंदर एक कोयले का अवैध डिपो संचालित होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां खुलेआम कोयले का भंडारण और कारोबार किया जा रहा है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जे एम एम नेता सुजीत सरकार के अनुसार इस अवैध डिपो में कोयला लाकर जमा किया जाता है और फिर आसपास के इलाकों के साथ ही बड़ी वाहनों ने बाहर राज्यों भेजा जाता है। डिपो तक आने-जाने वाले भारी वाहनों के कारण क्षेत्र की सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं धूल और प्रदूषण से ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध डिपो के संचालन से न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि इससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में जब बिंदापाथर थाना क्षेत्र के अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो समाचार लिखे जाने तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। वहीं स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और खनन विभाग से अविलंब जांच कर अवैध कोयला डिपो पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन इस अवैध कारोबार पर क्या रुख अपनाता है और कब तक दोषियों पर कार्रवाई होती है।
