निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तरुण कुमार गुप्ता द्वारा बेना स्थित अपने फार्म हाउस में वन भोज कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जिले के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी संवाद, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना रहा। वन भोज कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के बीच खुलकर बातचीत हुई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेश राय, भाजपा नेता विनोद मंडल, जितेंद्र मंडल, माने बेसरा, निमाई सेन, सीतामनी हांसदा, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से संगठन के भीतर आपसी समन्वय मजबूत होता है और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और लोकतंत्र में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मौके पर उपस्थित सभी पत्रकारों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह के माध्यम से पत्रकारों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को व्यक्त किया गया। पत्रकारों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सकारात्मक वातावरण बनता है और आपसी संबंध और मजबूत होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के लिए वन भोज की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने सहभागिता निभाई। पूरा कार्यक्रम सौहार्द, सम्मान और संगठनात्मक एकता का संदेश देता नजर आया।
