रांची । झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 50 किलोमीटर दूर खलारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार की सुबह एक युवक ने अपनी प्रेमिका को सीने में गोली मार दी, इसके बाद घर जाकर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है । घटना की पुष्टि ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने की है। उन्होंने बताया कि गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवती को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सुबह 9 बजे के आसपास की है घटना
ग्रामीण एसपी के अनुसार यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 से सवा 9 बजे के बीच की है। युवती अपने घर से कहीं जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान केडीएच ग्राउंड के पास युवक ने उसे घेर लिया और अचानक उसके सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही युवती जमीन पर गिर पड़ी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रांची रेफर कर दिया।
मृतक सुनील केवट
मृतक युवक की पहचान सुनील केवट (35 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय सुखलाल केवट बताया गया है। सुनील मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हार गांव का निवासी था। वर्तमान में उसका पूरा परिवार खलारी थाना क्षेत्र के केडीएच कॉलोनी के क्वार्टर संख्या MQ/123 में रह रहा था। बताया जा रहा है कि युवक का भाई और युवती के पिता दोनों सीसीएल में कार्यरत हैं।
