निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । शहर के सबसे व्यस्त इलाके कायस्तपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स में बुधवार शाम लूट और गोलीकांड की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े दुकान में घुसकर लूटपाट की और विरोध करने पर दुकानदार को गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे तीन बदमाश मोटरसाइकिल से कायस्तपाड़ा चौक पहुंचे। उस वक्त बाजार में काफी भीड़ थी। बदमाश सीधे बालाजी ज्वेलर्स में घुसे और हथियार के बल पर दुकान में रखे जेवरात लूट लिए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने दुकान मालिक अमन वर्मा को गोली मार दी। गोली लगते ही दुकान और आसपास अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद बदमाश लगातार फायरिंग करते हुए कायस्तपाड़ा मोहल्ले की ओर फरार हो गए। लगातार गोली चलने के कारण लोग डर के मारे कोई मदद नहीं कर सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल अमन वर्मा को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में भारी रोष देखा गया। लोगों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा होकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
