निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा रवि आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2025 एवं “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों संग बैठक आहुत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने बताया कि झारखण्ड राज्य के 25 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष झारखण्ड@25 थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह का शुभारम्भ 11 नवंबर को किया जाएगा। जिला स्तर पर 11 से 14 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 11 नवंबर को “रन फॉर झारखण्ड” एवं एलईडी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके अलावा 12 नवंबर को स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, 13 नवंबर को जिले के टूरिस्ट प्लेसों में साइकिल रैली के अलावा 14 नवंबर को लाधना डैम में बोट फेस्टिवल सहित विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर पेंटिंग, निबंध, वाद विवाद एवं भाषण आदि प्रतियोगिता सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी कई तरह की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने स्थापना दिवस समारोह को भव्यता से मनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
वहीं बताया गया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को भी हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जाना है।
उपायुक्त रवि आनंद ने बताया कि पूर्व की भांति राज्यभर में “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के आयोजन को लेकर उन्होंने जिला एवं प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम सूची तैयार करने एवं अन्य जरूरी बिंदुओं पर निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत जिले के पंचायतों/गांवों में कैंप लगाकर लोगों के आय/जाति/आवासीय एवं अन्य प्रमाण पत्र को प्राथमिकता के आधार पर निर्गत किया जाएगा, साथ ही राज्य सरकार के फ्लैगशिप योजनाओं से लाभार्थियों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला भू अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार के अलावा जिला एवं प्रखंड स्तरीय अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *