निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आत्मनिर्भर भारत अभियान को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में सफल बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशेष बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जानी-मानी भाजपा नेत्री बबीता झा के नेतृत्व में गोराईनाला मंडल अंतर्गत बरजोड़ा पंचायत सहित कई गांवों में की गई। इस बैठक में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं व स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। बबीता झा ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार द्वारा देश के हर कोने में विकास की नई पहल की जा रही है। इस कड़ी में जामताड़ा विधानसभा में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें केंद्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी विशेष रूप से शिरकत करेंगी। उनके साथ जामताड़ा विधायक विकास महतो भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक योजना नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने का अभियान है। यह कार्यक्रम स्थानीय युवाओं, महिलाओं, कारीगरों एवं उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेगा। बबीता झा ने महिला कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लें और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी का स्वागत करें। उन्होंने कहा कि मंत्री अन्नपूर्णा देवी का अनुभव और मार्गदर्शन क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। बैठक के दौरान क्षेत्रीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई और महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।भाजपा नेत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में आत्मनिर्भर भारत से जुड़ी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। मौके पर युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री भाई मनीष दुबे, रवि महतो, पूर्व जिला अध्यक्ष, सुरेश राय, पूर्व जिला अध्यक्ष संतन मिश्रा सहित भाजपा के कई मंडल पदाधिकारी, महिला मोर्चा की सदस्याएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
