निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । रांची के मोरहाबादी मैदान में चलने वाले 05 दिवसीय (09 से 13 अक्टूबर 2025) झारखंड आईएएस ऑफिसर वाइफ एसोसिएशन (जेसोवा) दिवाली मेला में जिला प्रशासन, जामताड़ा के द्वारा साइबर सुरक्षा क्लब का स्टॉल लगाया गया है। जिसका निरीक्षण आज दिनांक 09.10.2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के द्वारा किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रत्येक वर्ष यह मेला का आयोजन झारखंड आईएएस ऑफिसर वाइफ एसोसिएशन (जेसोवा) दिवाली मेला के रूप में जाना जाता है, यह दिवाली मेला अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। मेले का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा किया जाएगा। इस दौरान झारखंड की परंपराओं, कला, स्वाद एवं झारखंड के सभी जिलों के अनोखे व्यंजन के अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं, झारखंड के हैंडलूम उत्पाद, हस्तशिल्प, देश के अलग-अलग राज्यों की पोशाकें आदि प्रदर्शित होंगी। इसके अलावा राज्य सरकारी द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं आदि की जानकारी भी मेले में विभिन्न विभागों के द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से दिए जाएंगे। विभिन्न जिलों के द्वारा अपने उत्कृष्ट कार्यों की प्रदर्शनी को प्रदर्श किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला प्रशासन जामताड़ा के द्वारा जामताड़ा जिले के 71 उच्च विद्यालयों में गठित साइबर सुरक्षा क्लब की स्थापना एवं इसके सकारात्मक परिणामों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। उपायुक्त रवि आनंद ने बताया कि इस विषय से जुड़े प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइबर सुरक्षा की जानकारी देना एवं अवेयरनेस फैलाना है ताकि लोग साइबर अपराधियों का शिकार ना बनें। तकनीक के इस जमाने में हरेक चीज डिजिटल हो गया है, डिजिटल खरीदारी, लेनदेन से एक ओर लोगों का लाइफस्टाइल तो बदला है, साथ ही साइबर सुरक्षा के मामले में अनभिज्ञता से खासे दुष्परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इन सभी को देखते हुए लोगों को अवेयर करना, साइबर सुरक्षा की जानकारी देना साथ ही साइबर अपराध को लेकर जिले के माथे पे लगे उस कलंक को धोने का यह सकारात्मक प्रयास है।
मौके पर डीआईओ संतोष कुमार घोष, बिरजू राम, राजीव कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *