निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । भारतीय जनता पार्टी द्वारा युवा शक्ति को प्रोत्साहित करने और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक विभिन्न चरणों में आयोजित होगा। इस संबंध में आज जामताड़ा गाँधी मैदान के समीप एक निजी होटल में राज्यसभा सांसद प्रदीप बर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। सांसद प्रदीप बर्मा ने बताया कि इस खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना, खेल भावना को बढ़ावा देना और ग्रामीण तथा शहरी स्तर पर खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया मूवमेंट” और “खेलो इंडिया” अभियान की तर्ज पर यह कार्यक्रम युवाओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव के तहत विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, कुश्ती, बैडमिंटन और अन्य खेल शामिल होंगे। और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
सांसद ने बताया कि इस महोत्सव से न केवल खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ेगी बल्कि उन्हें नशामुक्ति और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी मदद मिलेगी। साथ ही, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का भी प्रयास रहेगा।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा के कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने कहा कि यह आयोजन भाजपा की ओर से युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा और आने वाले दिनों में जिले के युवा खिलाड़ी इसका लाभ उठा सकेंगे। इस मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, कार्यक्रम संयोजक हरिमोहन मिश्रा, मितेश साह, प्रदीप व अन्य मौजूद थे।
