निशिकांत मिस्त्री

धनबाद। इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना में जामताड़ा जिले से एक दिन के नवजात बच्चे को नाले से रेस्क्यू किया गया। चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (CWC) की टीम ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH), धनबाद भेजा। वर्तमान में नवजात शिशु का इलाज अस्पताल के पीडियाट्रिक्स यूनिट में किया जा रहा है।

CWC कॉर्डिनेटर अस्मिता कुमारी ने जानकारी दी कि जामताड़ा चाइल्ड हेल्पलाइन के कॉर्डिनेटर ने नाले में नवजात मिलने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हुई और बच्चे को इलाज के लिए धनबाद लाया गया।

डॉक्टरों ने जांच में पाया कि बच्चे के दोनों हाथ में फ्रैक्चर है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है। अस्मिता कुमारी के अनुसार, इलाज पूरा होने के बाद बच्चे को जामताड़ा चाइल्ड डोनेशन सेंटर में रखा जाएगा।

इस मामले पर CWC कॉर्डिनेटर अस्मिता कुमारी ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील विषय है। उन्होंने कहा, लाखों परिवार ऐसे हैं जो एक बच्चे के लिए तरसते हैं, लेकिन कुछ लोग अपने अनचाहे बच्चों को इस तरह निर्दयता से फेंक देते हैं। यदि किसी के पास अनचाहा बच्चा है और वे उसे पालने में सक्षम नहीं हैं तो ऐसे लोग सीधे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं, ताकि बच्चे की सुरक्षा और सही देखभाल हो सके।

घटना ने क्षेत्र में लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि समाज में जागरूकता की कितनी जरूरत है। वहीं, CWC और डॉक्टरों की तत्परता से बच्चे की जान बचाई जा सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *