निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत गंगुडीह में बीते रविवार को झारखंड के दिशोम गुरु और झामुमो (JMM) के दिवंगत नेता शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदीप मंडल ने किया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और झामुमो कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसका श्रेय झामुमो जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल, प्रखंड अध्यक्ष हीरालाल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी, केंद्रीय कार्य समिति सदस्य लालू अंसारी और नारायणपुर प्रखंड के कार्यकर्ताओं को दिया गया।
इसी क्रम में सोमवार को झामुमो कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस कांफ्रेंस में झामुमो नेता आनंद टुडू और जिला सचिव परेश यादव ने भूमि पूजन में उपस्थित झारखण्ड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो, स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी, उपायुक्त रवि आनंद, एस पी राजकुमार मेहता व अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदीप मंडल का यह कदम सराहनीय है, जिससे आने वाली पीढ़ियां दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष और योगदान को याद रख सकेंगी।
नेताओं ने आश्वस्त किया कि प्रतिमा स्थापना का कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा और यह स्थल लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। वहीं जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल ने कहा कि स्मृति चिन्ह के साथ-साथ एक सुंदर पार्क और खेल मैदान का निर्माण भी किया जाएगा, जो पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक कार्य में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और आम लोगों का आभार व्यक्त किया।
