निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में झारखंड बालू खनन नियमावली 2025 के तहत जिले में अवस्थित कैटेगरी 2 स्ट्रीम्स/रिवर्स के बंदोबस्ती एवं ई नीलामी को लेकर बैठक आहूत किया गया।
बैठक के क्रम में उपायुक्त ने झारखंड बालू खनन नियमावली 2025 के तहत कैटेगरी-2 के बालू घाटों की नीलामी को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विमर्श करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि कि नदियों को दो कैटेगरी में विभाजित किया गया है। जिसमें कैटेगरी-1 में ग्राम पंचायत पर्यवेक्षण के तहत गैर-व्यावसायिक उपयोग के लिए और कैटेगरी-2 के तहत जिला समिति द्वारा ई-नीलामी के माध्यम से व्यावसायिक खनन के लिए दो भागों में विभाजित की गयी है। उपायुक्त ने बताया कि बालू खनन की नीलामी प्रक्रिया के लिए विभागीय नियमावली तैयार है, जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जायेगी। उन्होंने उक्त ई नीलामी को लेकर आम सूचना प्रकाशित करने के लिए निर्देश दिया। वहीं उपायुक्त ने कहा कि विगत 10 जून से आगामी 15 अक्तूबर तक एनजीटी के दिशा निर्देशों के अनुरूप नदी तल से बालू उठाव व परिवहन को बंद रखना सुनिश्चित करेंगे।
