पुलिस और सीआईएसएफ ने संयुक्त रूप से की बड़ी कार्रवाई
जोगन कोचा में छापेमारी कर सौ टन अवैध कोयला किया जब्त
जोरापोखर। जोरापोखर एवं बलियापुर थाना के सीमांत क्षेत्र मे स्थित जोगनकोचा बस्ती के पुल के पास सोमवार की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बलियापुर थाना पुलिस तथा लोदना क्षेत्र की सीआईएसएफ ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर लगभग सौ टन अवैध कोयला जब्त किया है।
बताया जाता है कि बलियापुर एवं जोरापोखर थाना के सीमांत क्षेत्र जोगनकोचा बस्ती के पुल तथा आसपास के जंगल क्षेत्र में बस्ती के तीन लोगों द्वारा बेखौफ होकर अवैध कोल डिपो का संचालन किया जा रहा था। जहां बीसीसीएल लोदना क्षेत्र की विभिन्न कोलियरियों से चोरी किया गया कोयला एवं पाथरडीह कोल वाशरी से वाश्ड कोयला की खरीद-बिक्री का अवैध धंधा चल रहा था।
मामले की जानकारी होने के बाद लोदना क्षेत्र के सीआईएसएफ अधिकारियों ने डीआईजी को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। अवैध कोयले का कारोबार स्थल ग्रामीण क्षेत्र में होने के कारण विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए डीआईजी ने जिले के एसएसपी को कार्रवाई करने को कहा।
एसएसपी के निर्देश पर बलियापुर थाना के पुलिस अधिकारी अशोक कुमार ने भारी संख्या में सीआईएसएफ और पुलिस बल के साथ सोमवार शाम जोगनकोचा बस्ती में छापेमारी कर अवैध कोल डिपो एवं आसपास जमा लगभग सौ टन से अधिक अवैध कोयला और वाश्ड कोयला जब्त किया। हालांकि छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर अवैध धंधे में शामिल सभी कोयला तस्कर भागने में सफल रहे।
पुलिस एवं सीआईएसएफ की इस संयुक्त कार्रवाई से कोयला चोरों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कोल डिपो का संचालन कर चोरी के कोयले की खरीद-बिक्री कर बलियापुर के एक भट्ठा में तस्करी किए जाने की सूचना पर यह छापेमारी की गई। फिलहाल जब्त कोयले के संबंध में जांच कर तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
