निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । जनता दरबार में करीब 100 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त रवि आनद के द्वारा सभी समस्याओं को सुनते हुए अग्रतर कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया वहीं कई समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान किया गया। जनता दरबार में जमीन विवाद, मईया सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने, भूमि संबंधित नक्शा, सीमांकन, अवैध कब्जा, अबुआ आवास, पीएम आवास, घर क्षतिग्रस्त हो जाने, भू अर्जन से जुड़े मामले, आंगनवाड़ी निर्माण, डीवीसी विस्थापित, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ देने, कन्यादान योजना का लाभ नहीं मिलने, अत्यधिक बिजली बिल की शिकायत, पीएम आवास शहरी के तहत अंतिम किस्त भुगतान नहीं होने, सड़क से संबंधी के अलावा अन्य विभिन्न प्रकार शिकायतें प्राप्त हुई। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक बारी बारी से सुनकर शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को ऑन स्पॉट निर्देशित किया। इस दौरान कई समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान भी किया गया।


जनता दरबार में अधिकतर आवेदन मईया सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने से थी, जिस पर उपायुक्त द्वारा संबंधित कर्मी को जांच कर प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। वहीं बैंक अकाउंट में तकनीकी अड़चनों आदि को दूर कर लाभुकों को सम्मान राशि भुगतान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा नए आवेदन के संदर्भ में पोर्टल खुलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कई ऐसे आवेदन प्राप्त हुए जो भूमि विवाद एवं अवैध कब्जा से संबंधित थे, जिस पर उपायुक्त द्वारा एसडीओ एवं संबंधित सीओ को जांचोपरांत कार्रवाई प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा ऐसे कई आवेदन प्राप्त हुए जो बारिश के वजह से मकान गिरने एवं क्षति होने से संबंधित थे। उपायुक्त ने वैसे आवेदनों को आपदा के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि देने हेतु संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त द्वारा जनता दरबार के दौरान प्राप्त आवेदनों को संबंधित कार्यालय को अग्रसारित करते हुए 48 घंटे के अंदर कार्रवाई प्रतिवेदन से अवगत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं एक वृद्ध महिला के द्वारा उपायुक्त से फरियाद लगाकर बताया गया कि दबंग आदमी के द्वारा उनकी जमीन पर घर बनाने नहीं दिया जा रहा है, जिस पर उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारी को स्थल पर जाकर वस्तुस्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं उपायुक्त ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के निष्पादन हेतु कटिबद्ध है। हमलोग माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में लोगों की समस्याएं परेशानियों को प्राथमिकता देकर सुन रहे हैं, ताकि दूर दराज से आने वाले गरीब मजबूर लोगों को और अधिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से मध्याह्न 1 बजे तक उपायुक्त रवि आनंद के द्वारा कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *