धनबाद । झारखंड के धनबाद जिले के टुंडी में जंगली हाथियों कहर बरपा रखा है । सोमवार की देर रात हाथियों के झुंड ने गुलियाडीह गांव में एक सहायक शिक्षक को कुचल कर मार डाला । मृतक शिक्षक की पहचान नया प्राथमिक विद्यालय गुलियाडीह के सहायक अध्यापक गिर मुरमू के रूप में हुई है । घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और भारी आक्रोश है । स्थानीय लोगों के अनुसार दो महीने से उस क्षेत्र में हाथियों का झुंड डेरा जमाये हुए है । लेकिन वन विभाग की ओर से हाथियों को क्षेत्र से दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं । मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तक प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया । ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों के कारण क्षेत्र में लगातार खतरा बना हुआ है । लोग डर के साये में रहने को मजबूर हैं । ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग हाथियों के झुंड को आबादी वाले इलाकों से दूर करे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *