निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर समाज कल्याण समिति, जामताड़ा के तत्वावधान में सांस्कृतिक सह विविध कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत कल दिनांक 12 अगस्त को जामताड़ा शहर के स्कूली बच्चों के लिए प्रश्नमंच और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। अलग-अलग वर्गों के बच्चों के लिए विशेष श्रेणी में प्रश्नमंच और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्य अतिथि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सह समाज कल्याण समिति अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल के हाथों सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर समाज कल्याण समिति अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने कहा, “हमारा उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, ज्ञान और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस तरह के आयोजन से बच्चों में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी भाईचारे की भावना भी विकसित होती है।”श्री मंडल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर समाज कल्याण समिति के तत्वाधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा , जिसमें सभी जामताड़ा जिले वासी सादर आमंत्रित हैं।
