पीडब्लूडी द्वारा सड़क को संकरा बनाए जाने का खामियाजा भुगत रहे हैं राहगीर
प्रतिनिधि
इचाक । इचाक थाना क्षेत्र के इचाक बरकट्ठा मार्ग पर मोक्तमा स्थित छबेलवा में गुरुवार को एक ट्रैक्टर सड़क से अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। घटना में ट्रैक्टर में बैठे मोक्तमा गांव निवासी नरेश मेहता के पुत्र रौशन कुमार (उम्र 21वर्ष)और विनय मेहता के पुत्र विशाल कुमार (उम्र 20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। खेत में अचानक ट्रैक्टर पलटने से अफरा तफरी मच गई। खेतों में रोपा कर रहे किसान फौरन दौड़े और दोनों युवक को बाहर निकाल कर बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग के एक निजी अस्पताल ले गए । फिलहाल दोनों युवक की स्थिति खतरे से बाहर हैं। मिली जानकारी के अनुसार रौशन अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर वापस अपने घर आ रहा था। उसके साथ विशाल भी ट्रैक्टर में बैठा था। रास्ते में छबेलवा के पास ट्रैक्टर के सामने अचानक एक मवेशी दौड़ गया। जिसे बचाने के लिए रौशन ने अचानक ट्रैक्टर में ब्रेक लगाया। जिसके बाद ट्रैक्टर सड़क से फिसलकर सीधे गहरे खेत में पलट गया। और उक्त दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए।
संकरा सड़क और गहरी खाई के कारण हो रही दुर्घटनाएं
बताते चलें कि पीडब्ल्यूडी द्वारा इचाक मोड से बरकट्ठा तक 32 किमी सड़क का निर्माण कराया गया है। यह सड़क एनएच 33 रांची पटना रोड को जीटी रोड एनएच 2 से जोड़ती है। इसपर प्रतिदिन सैकड़ों छोटी बड़ी गाड़िया चलती है। लेकिन मोक्तमा में सुबोध मेहता के घर से छबेलवा मोड तक लगभग एक किमी सड़क को बेहद संकरा बना दिया गया है। इतना ही नहीं सड़क के किनारे मिट्टी का भराव भी नहीं किया गया है। जिसके कारण उक्त स्थल पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। वाहन जरा भी अनियंत्रित हुआ तो सीधे लगभग 8 से 10 फिट गहरे खेत में गिर जाती है। सड़क निर्माण से अबतक लगभग आधा दर्जन लोग यहां सड़क हादसे का शिकार हुए हैं जबकि दर्जनों दो पहिया और चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। अगर सड़क किनारे मिट्टी का भराव कर दिया जाए तो आए दिन हो रहे दुर्घटना से राहत मिल सकती है।
