निशिकांत मिस्त्री

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद के नाम से साइबर अपराधियों ने बनाया फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, व्हाट्सएप अकाउंट +84586171523 के माध्यम से लोगों को भेजा जा रहा है संदेश चैट, उपायुक्त ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने हेतु किया अपील

जामताड़ा । आज के इस डिजिटल जमाने में साइबर अपराधियों के द्वारा लोगों की गाढ़ी कमाई को एक झटके में चपत लगाने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, साइबर अपराधी दूसरे के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी, व्हाट्सएप अकाउंट आदि बनाकर बड़े शातिर तरीके से ठगने का प्रयास किया जाता है, दुर्भाग्य से लोग ठगों के झांसे में आ भी जाते हैं। ठीक इसी प्रकार से साइबर अपराधियों के द्वारा जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद के नाम से फर्जी नंबर +84586171523 के माध्यम से फेक व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर जिलेवासियों से चैट करने का मामला संज्ञान में आया है।
मामला संज्ञान में आते ही आज दिनांक 12.07.2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने समस्त जिलेवासियों से अपील किया है कि उक्त फेक अकाउंट से प्राप्त संदेश या किसी प्रकार की राशि की मांग के झांसा में न आएं। उन्होंने कहा कि उक्त व्हाट्सएप अकाउंट उपायुक्त जामताड़ा ( रवि आनंद) का नहीं है एवं यह साइबर अपराधियों के द्वारा बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि उपायुक्त के नाम से बने इस फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट के झांसे में नहीं आएं और उन्हें किसी भी प्रकार की कोई भी राशि हस्तांतरित ना करें। अगर इस तरह का कोई संदेश प्राप्त होता है, तो साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले पर समुचित कार्रवाई करने हेतु पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिलेवासी अपने विवेक से काम लेते हुए ऐसे संदेश को इग्नोर करें एवं प्रशासन को इसकी सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *