प्रतिनिधि
हजारीबाग/बरही । हजारीबाग जिले के बरही और कोडरमा जिले के चंदवारा के बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित जवाहर घाटी में गझंडी के रहने वाले सेवानिवृत्त टीटी रविन्द्र सिंह का शव रविवार को चंदवारा थाना क्षेत्र के तिलैया डैम से बरामद किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविन्द्र सिंह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। जिसके बाद वे कुछ दिनों पूर्व जवाहर घाटी से लापता हो गए थे। सूत्रों के अनुसार कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें जवाहर घाट के आसपास देखा था और इसकी जानकारी उनके परिजनों को दी थी। परिजन मौके पर पहुंचे तो घाट के पास उनका चप्पल मिला, जिससे उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद स्थानीय नाविकों की मदद से उनका शव तिलैया डैम से बरामद किया गया।चंदवारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अंत्यपरीक्षण के लिए कोडरमा भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।
