निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को किनूडीह प्राथमिक विद्यालय से चंद्रढीपा कमारडीह स्कूल भवन तक सड़क निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया। यह सड़क क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य गांवों को जोड़ने वाली जीवन रेखा साबित होगी।
सड़क की मांग वर्षों से की जा रही थी, जिसे अब साकार रूप दिया जा रहा है। स्थानीय निवासियों में इसको लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। मंत्री डॉ. अंसारी ने शिलान्यास के मौके पर भावुक स्वर में कहा की “चुनाव के दौरान जब मैं यहां आया था, एक बुजुर्ग दादी ने मुझसे इस सड़क की मांग की थी। मैंने वादा किया था कि जीतने के बाद इसे जरूर बनवाऊंगा। आज वह सपना पूरा कर रहा हूं। दादी की आंखों में खुशी के आंसू मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार हैं। उन्होंने आगे कहा कि जनता के समर्थन से वह लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं और आज उनके आशीर्वाद से राज्य के मंत्री पद तक पहुंचे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मंत्री डॉ. अंसारी ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के हर गांव में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर बैठेंगे। मैं खुद भी उनके साथ मौजूद रहूंगा। जांच, दवाई और इलाज – सब कुछ पूरी तरह मुफ्त मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वे लगातार जिले-जिले का दौरा कर रहे हैं ताकि हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। मंत्री जी ने कहा कि “राज आदिवासियों का है, तो उनका विकास हमारी जिम्मेदारी है। जो काम कर रहा हूं, वही आलोचना का कारण भी बन रहा है, लेकिन जनता का आशीर्वाद ही मेरी असली ताकत है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर स्थानीय लोगों ने मंत्री का स्वागत कर आभार प्रकट किया। ग्रामीणों का कहना था कि यह सड़क न केवल सुविधाओं को बढ़ाएगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को भी मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *