हजारीबाग/चरही । हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है जहां पुलिस ने नक्सली नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो कुख्यात हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जो कई नक्सली घटनाओं में वांछित थे। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान प्रेम गंझु (पिता – कीनू गंझु) और नूतन गंझु (पिता – तापेश्वर गंझु) के रूप में हुई है। दोनों का स्थायी पता कजरी गांव, थाना चरही है। सूत्रों के अनुसार, दोनों नक्सली लंबे समय से इलाके में सक्रिय थे और नक्सली गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से न सिर्फ पुलिस को राहत मिली है, बल्कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। बताया जा रहा है कि ये दोनों कई गंभीर अपराधों में संलिप्त थे, जिनमें हिंसात्मक घटनाएं, लेवी वसूली, सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना और आम लोगों में भय का माहौल बनाना शामिल है। चरही पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर इन्हें पकड़ा। गिरफ्तारियों के बाद पुलिस इनके नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
