रामवतार स्वर्णकार

हजारीबाग । सोमवार की अहले सुबह हजारीबाग जिले से एक भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां कुंभ स्नान कर वापस रांची लौट रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया । जहां एक टाटा सूमो गाड़ी एनएच-33 के चरही क्षेत्र में एक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल है। यह दर्दनाक सड़क हादसा सुबह लगभग 6 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसा चरही के बिरसा मैदान के पास स्थित तीखे मोड़ पर हुआ। पुलिस ने बताया कि हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान रांची के बेड़ों इलाके के रहने वालों के रूप में हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। घायल लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पुलिस घटना की जांच में जुट गई है । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोड़ पर खड़ा ट्रक ड्राइवर के लिए एक बड़ा खतरा साबित हुआ, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दुर्घटना हुई। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर वाहनों की गलत तरीके से पार्किंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए । उनका कहना है कि ऐसे सड़क किनारे खड़े वाहन अक्सर हादसों का कारण बनते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *