निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । झारखंड सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी का अपने क्षेत्र में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। रांची से लौटने के क्रम में बोकारो, गोविंदपुर, करमदाहा मोड़, जुम्मन मोड़, मुरलीपहाड़ी, डाभाकेंद्र, नारायणपुर, पबिया, धरमपुर, जामताड़ा, मिहिजाम सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और आम जनता ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। मंत्री का जगह-जगह फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया और जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंज उठा। इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “मैं मंत्री नहीं, मेरी जनता मंत्री बनी है। हर एक व्यक्ति हमारे मंत्री हैं। जामताड़ा की जनता ने मुझे अपार जनसमर्थन और एकतरफा वोट देकर विधायक बनाया। आज जो मुझे मंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ है, यह जनता की ही देन है।।डॉ. अंसारी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस आलाकमान का आभार प्रकट करते हुए कहा कि एक डॉक्टर के रूप में उन्हें स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने वादा किया कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। मंत्री जी ने कहा, स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव लाने के लिए मैं संकल्पित हूं। पूरे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाऊंगा ताकि यहां की जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। एक डॉक्टर होने के नाते मैंने हमेशा लोगों की सेवा की है और अब मंत्री के रूप में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया। मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं और जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जीत और सम्मान पूरे जामताड़ा की जनता का है।
