युक्ताधारा पोर्टल से होगा पंचायत का विकास योजना तैयार
रामावतार स्वर्णकार
इचाक: झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने युक्ताधारा पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों की वार्षिक कार्य योजना तैयार करने की पहल की है। इसके तहत इचाक प्रखंड के अलौंजा खुर्द पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में चयनित किया गया है।
सरकार के अपर सचिव अरुण कुमार सिंह ने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि एनआरएम और नॉन-एनआरएम योजनाओं का डेटा एकत्र करने के लिए रिमोट सेंसिंग तकनीक का उपयोग किया जाए। प्रत्येक जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तहत एक ग्राम पंचायत को नई तकनीक से कार्य योजना तैयार करने के लिए चुना गया है। इधर अलौंजा खुर्द पंचायत को आदर्श पंचायत घोषित किए जाने से पंचायत वासियों में खुशी की लहर है। लोगों ने कहा कि अलौंजा खुर्द पंचायत के मुखिया सकेंद्र मेहता की मेहनत और दूरदृष्टि से यह पंचायत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुखिया सकेंद्र मेहता ने कहा कि पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं। अपने पंचायत को विकास की नई शिखर तक पहुंचना मेरा लक्ष्य है। अब युक्थधारा पोर्टल के माध्यम से तैयार की गई योजनाओं से पंचायत के विकास कार्यों में और भी पारदर्शिता और कुशलता आएगी।
