निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । अब तो पत्रकारों की हाजरी लगाई जा रही है। चलिये माजरा को विस्तार पूर्वक बताते हैं। दूसरे चरण की नामांकन के दौरान खबर संकलन करने आए पत्रकारों की हाजरी लगायी गई। मामला जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी के नामांकन के दौरान हुई। जामताड़ा अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी सह रिटर्निग ऑफिसर अनंत कुमार के कार्यालय में जामताड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी का नामांकन हो रहा था। नामांकन के कवरेज के लिए जामताड़ा जिले के पत्रकार वहां मौजूद थे। मौके पर मौजूद सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह करमाटांड़ बी डी ओ नूपुर कुमारी ने उपस्थित पत्रकारों से परिचय-पत्र मांगते हुए कैंपस को खाली करने को कहा। कवरेज़ के लिए आए पत्रकारों ने विरोध किया तो गुस्से से तमतमाई महोदया ने सूचना और जन संपर्क विभाग से पत्रकारों की सूची मंगाकर अपने कर्मचारियों से हाजरी लगानी शुरू कर दी। उसका भी पत्रकारों ने विरोध किया और तत्काल इसकी सूचना अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचित पदाधिकारी आनंद कुमार को दी। उन्होंने तत्काल मीडिया कर्मियों से बात कर इस पर खेद प्रकट किया और कहा कि कार्रवाई की जाएगी।
