एक साल बाद भी नही सुलझी मुकेश के मौत की गुत्थी।
मौत के बाद प्रेमिका के पास से मिला था मुकेश का मोबाइल।
रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग /इचाक । थाना क्षेत्र के जलौन्ध गांव निवासी श्यामदेव पासवान के 24 वर्षीय पूत्र मुकेश पासवान के संदिग्ध मौत का मामला एक साल बाद भी रहस्यमय बना हुआ है। इचाक पुलिस इस केस में कोई रुचि लेती नहीं दिख रही है। मृतक के पिता बार – बार थाना जाते है और उन्हे डांट कर भगा दिया जाता है। उन्होंने बताया मेरा बेटा मुकेश का शव 8 मई 2021 को अहले सुबह मेरे पड़ोसी गणेश राम के कुएं में संदेहास्पद स्थिति मे पाया गया था। और उसका मोबाइल गांव के ही एक युवती के पास मिला था।
इस सम्बंध में इचाक थाना कांड संख्या 121/21 के तहत मामला दर्ज़ किया गया है। जिसमें कहा गया है कि 7 मई की रात को हम सपरिवार अपने गोतिया के घर शादी में गए थे। इस दौरान मुकेश घर पर अकेला था। मुकेश का गांव के ही एक युवती से प्रेम सम्बन्ध था। दोनो एक दूसरे से छुप छुप कर मिला करते थे। मुकेश ने उसे एक मोबाइल भी दे रखा था। जिससे वे दोनों एक दूसरे से बात किया करते थे। बकौल श्यामदेव पासवान मुकेश के मौत के बाद मुकेश का एक मोबाइल (7357801544) उसी युवती के पास से ग्रामीणों ने तब बरामद किया जब वह उसे तालाब में फेकने जा रही थी।
और उस मोबाइल में 7 मई की रात 12:12 बजे दोनों के बातचीत के भी प्रमाण मिले थे। पुलिस अगर उस मोबाइल का कॉल डिटेल खंगालती तो शायद मुकेश के मौत की गुत्थी सुलझ सकती थी। लेकिन इस केस में इचाक पुलिस कोई दिलचस्पी लेती नहीं दिख रही है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
प्रशिक्षु थाना प्रभारी ऋषभ गर्ग ने बताया कि हमारी नई पोस्टिंग इचाक थाना में हुई है। इसलिए केश को गहनता से समझ नहीं पाया हुं। जल्द ही मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ़ करवाई की जायेगी।
