प्रतिनिधि
हजारीबाग/पदमा । एनएच 33 रांची पटना रोड पर थाना क्षेत्र के रोमी सुरुजपुरा में एक तेज रफ्तार टाटा सुमो (जेएच 02 टी 6130) चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर एनएच के बगल में स्थित कुएं में जा गिरा। जानकारी के अनुसार वाहन पर कुल कुल 9 लोग सवार थे। सभी लोग सदर थाना क्षेत्र के मंडई गांव के रहने वाले थे और बिहार के दरभंगा में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर वापस लौट रहे थे। वहीं बताया जाता है कि वाहन विपरीत दिशा से आ रहे एक बुलेट सवार युवक को बचाने के क्रम में अनियंत्रित होकर कुएं में जाकर गिरा। इस क्रम में बुलेट सवार भी कुएं में जा गिरा। घटना में एक बच्ची समेत 6 लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।
घटना के बाद वहां चीख पुकार मच गई। मौके पर स्थानीय लोग और पदमा पुलिस टीम पहुंची और क्रेन की मदद से वाहन और शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों में मंडई पंचायत के पूर्व मुखिया गणेश साव (42), प्रमेश्वर साव और उसकी पत्नी चम्पा देवी, परिधि कुमारी, समाजसेवी गुंजन राणा और ड्राइवर सूरज कुमार शामिल है। जबकि घायलों में सीताराम प्रसाद (50), गीता देवी (60) और मुकेश कुमार (38) शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया, वहीं घायलों का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मंडई गांव में मातम पसर गया। परिजनो के क्रंदन से पुरा गांव गमगीन हो गया।
