धनबाद । शहर में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के बैनर तले अष्टम प्रांतीय अधिवेशन के दूसरे दिन रविवार को राष्ट्रीय एकता रैली का आयोजन हुआ। जिसमें महिला-पुरुष, बच्चे युवाओं ने उपस्थित होकर अपनी एकता को प्रदर्शित किया। रैली धनसार के सिद्धिविनायक से निकलकर अशोक नगर, बैंक मोड़, पुराना बाजार, शक्ति मंदिर का भ्रमण करते हुए वापस अधिवेशन स्थल पर पहुंची। रैली में प्रभु श्रीराम-सीता, लक्ष्मण और हनुमान सजे हुए रथ पर विराजमान दिखे। वहीं रथ के पीछे मारवाड़ी समाज के लोग भजन की लय पर नाचते-गाते व झूमते दिखे। मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने मेवाड़ के परिधान में परंपरागत हथियारों से लैस होकर कला-जौहर का प्रदर्शन करते हुए रैली का नेतृत्व किया। मौके पर उपस्थित समाज के वरीय लोगों ने कहा कि मारवाड़ी समाज युवाओं तथा आने वाली पीढ़ी को समाज में व्याप्त कुरीतियों से बचाने तथा देश को एकता के सूत्र में पिरो कर मजबूत बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
इसमें समाज के प्रत्येक लोग अग्रणी भूमिका निभाएंगे। वही राज्य के विभिन्न प्रांतों से मारवाड़ी समाज के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। मालूम हो कि अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा झारखंड के धनबाद में अष्टम प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन किया गया है।
