बिजली विभाग मौन
रामावतार स्वर्णकार
इचाक । प्रखंड के कुरहा गांव में इचाक बरकट्ठा मुख्य मार्ग पर बिनोद मेहता के घर के पास बीच सड़क पर खड़ा बिजली का पोल किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रित कर रहा है। जिसपर बिजली विभाग की नज़र अभी तक नहीं पड़ी है। इतना ही नहीं, इचाक मोड़ से लुंदरू गांव तक ऐसे दर्जनों बिजली के पोल यूं ही सड़क पर खड़े खतरे की घंटी बजा रहे हैं, लेकिन हैरत की बात है कि विद्युत उर्जा चोरी के खिलाफ़ गली गली घूमकर विद्युत विच्छेद करने वाले और गरीब जनता पर जबरन फाइन ठोकने वाले विद्युत कर्मियों और पदाधिकारियों को सड़क पर खड़े जानलेवा बिजली के खंभों पर नज़र नही पड़ती।
वहीं स्थानीय लोगों को शंका है कि सड़क पर खड़े खंबे से कोई अनहोनी घटना भी सकती हैं । दबे जुबान में स्थानीय लोग बिजली विभाग के कर्मियों को कोस रहे हैं । दरअसल पीडब्ल्यूडी द्वारा पथ चौड़ीकरण तो कर दिया गया, किंतु बिजली के खंभों को स्थानांतरित अभी तक नहीं किया गया है। बताते चलें कि इचाक बरकट्ठा मुख्य मार्ग व्यस्तमार्ग है और इस पर सैकड़ो छोटी बड़ी गाड़िया प्रतिदिन चलती रहती है। इस बाबत जेई अमित कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होने फोन नहीं उठाया।
