धनबाद । शहर के बरवाअड्डा थाना अंतर्गत भेलाटांड़ में बुधवार की रात युवक का पत्थर से कुचला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पाकर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एसएन एमएमसीएच भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक युवक का नाम विजय ठाकुर है, जो बेंगाबाद गिरिडीह जिले का निवासी था। वह धनबाद में किराये के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बुधवार की देर रात भेलाटांड़ सरकारी स्कूल के पीछे हाजरा टोला में उसके शव को देखा गया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रेम प्रसंग में सुनियोजित तरीके से की गई हत्या है। घटना की सूचना पाकर मौके पर डीएसपी अमर कुमार पांडे दल बल के साथ पहुंचे हैं। युवक कुछ दिन पहले ही प्रेम प्रसंग में शादी रचाया था। वहीं मृतक की पत्नी बदहवास स्थिति में है।
