धनबाद। बाघमारा की घटना के बाद सीआईएसएफ के उप महानिरीक्षक विनय काजला ने घटना पर सीआईएसएफ युनिट बीसीसीएल धनबाद की तरफ से गहरी संवेदना प्रकट की है। घटनाक्रम पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मीडिया को बताया कि 19 नवंबर को रात्रि लगभग 23ः45 बजे क्यूआरटी बल के सदस्य वाहन से जब बेनीडीह रेलवे साईडिंग के तरफ जा रहे थे तो पाया कि रास्ते में चार से पांच मोटर साईकिल से कोयला तस्कर द्वारा अम्बे आउट सोर्सिंग माईंस से कोयला लेकर जाया जा रहा था।
क्यूआरटी द्वारा चेतावनी देने पर वे लोग मोटर साईकिल छोड़कर भाग गये। इसके पश्चात क्यूआरटी रेलवे साईडिंग पहूॅची जहां स्थिति सामान्य थी। 20 नवंबर की रात 00ः15 बजे वे लोग जब वापस आ रहे थे, तो वापस होने के दौरान क्यूआरटी ने पाया कि रास्ते में 40 से 50 मोटर साइकिलों पर लगभग 90 से 100 घातक हथियार से लैस कोयला तस्कर रेलवे साईडिंग के प्रवेश स्थल पर रास्ते को अवरोध किये हुये थे। कोयला तस्करों के एक दल ने क्यूआरटी प्रभारी को क्यूआरटी वाहन से उतार कर एवं गाड़ी से दूर घसीटकर हमला करने लगे तथा कोयला तस्करों के दूसरे दल द्वारा क्यूआरटी वाहन जिसमें एक बल सदस्य एवं सिविल ड्राईवर मौजूद थे को तोडने लगे।
भीड़ की उग्रता को देखते हुए एवं क्यूआरटी प्रभारी के जीवन के खतरे को देखते हुए तथा अपनी एवं अपना हथियार की सुरक्षा के लिए बल सदस्य ने हवा में गोली चलाने की कोशिश की परन्तु भीड़ द्वारा चारों तरफ से वाहन का घेराव एवं हथियार का छीना-झपटी होने के कारण गोली अकस्मात ही कोयला तस्करों को लग गयी। क्यूआरटी वाहन के नजदीक घटनाक्रम को देखते हुये रेलवे साइडिंग में तैनात बल सदस्य जो लगभग 200 मीटर की दूरी पर थे पहुँचने के लिए दौड़े एवं अपने पिस्टल से हवा में गोली चलाई। इनको आते हुए देख कोयला तस्कर उस एरिया से भागे और अपने घायल साथियों को वहीं छोड़ दिया।
उप महानिरीक्षक ने कहा इस मामले की सूचना सीआईएसएफ के सभी उच्चाधिकारियों और जिला प्रशासन को बिना देर किए दी गई। गोली लगने से घायल हुए सभी 5 लोगों को पीएमसीएच ले जाया गया, उनमें से अब तक 4 को मृत घोषित कर दिया गया, पांचवां घायल उपचाराधीन है जिसे बाद में बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। इसी बीच यह भी पता चला है कि उसके परिवार के द्वारा एक अन्य व्यक्ति को भी इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया है जिसे भी इसी घटना से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए स्थानीय टीम के साथ सीआईएसएफ बल के जवान मौके पर उपलब्ध हैं। स्थिति को नियंत्रित करने और अन्य घायलों को उपचार प्रदान करने के लिए सीआईएसएफ और जिला प्रशासन के सक्षम अधिकारी उचित कार्रवाई कर रहे हैं।
