धनबाद । झारखंड राज्य के 22वें स्थापना दिवस पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी व गणमान्य नागरिकों ने अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके शहादत और जीवन मूल्यों को याद किया।

शहर में मंगलवार की सुबह को उपायुक्त संदीप सिंह, उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार, पुलिस अधीक्षक रेशमा रमेशन तथा कई गणमान्य नागरिकों ने बैंक मोड़ के बिरसा मुंडा चौक तथा लुबी सर्कुलर रोड स्थित एसएसपी आवास परिसर में स्थापित अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।

मौके पर उपायुक्त संदीप सिंह ने बताया कि अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर झारखंड राज्य की स्थापना हुई थी। भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस दिवस पर राज्य सरकार की कई योजनाओं और परिसंपत्तियों को जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए उनके आदर्शों को जीवन शैली में शामिल करना चाहिए।

वही वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने प्रदेशवासियों तथा जिला वासियों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी। उन्होंने अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को याद करते हुए बताया कि उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए झारखंड के स्थापना दिवस पर लोगों को संकल्प लेना चाहिए, ताकि झारखंड को ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *