बलियापुर । मंगलवार की सुबह सड़क किनारे लगभग 24 वर्षीय युवक पार्थो उर्फ बाटुल बनर्जी का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी पंकज वर्मा दल- बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH अस्पताल धनबाद भेज दिया। प्रधानखंता नारायण कुल्ही निवासी आनंद बनर्जी के 24 वर्षीय पुत्र पार्थो उर्फ बाटुल बनर्जी आधे घंटे में दुकान से घर आने की बात कह कर सोमवार की शाम लगभग 5 बजे घर से निकला था। जब वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों द्वारा काफी खोज- बिन किया गया मगर वह नही मिला ।
मंगलवार की सुबह करीब 7:30 बजे गांव के ही एक युवक ने गोपीनाथडीह स्थित सड़क के किनारे शव देखकर मुखिया व पूर्व मुखिया को इसकी सूचना दी। मृतक के छाती व माथे में चोट का निशान था। खून के धब्बे नजर आ रहे थे। मृतक आनंद बनर्जी का एकलौता एवं अविवाहित पुत्र था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। मां साधना बनर्जी, पिता आनंद बनर्जी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के पिता आनंद बनर्जी का कहना है कि मेरे पुत्र बाटुल का हत्या किया गया। थाना प्रभारी पंकज वर्मा का कहना है कि घटना को ले जांच पड़ताल की जा रही हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया है।
