धनबाद । धनबाद रेल मंडल के गुरपा में जहां बीते दिनों मालगाड़ी के बेपटरी होने से दो दिन तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा, वहीं एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। हावड़ा-नई दिल्ली रेल मार्ग पर धनबाद गया के बीच गुरपा रेलवे स्‍टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त मालगाड़ी का मलबा हटाने के दौरान वैगन गिरने से उसके नीचे दबकर सीनियर टेक्निशियन रंजीत कुमार कुमार की मौत हो गई।

हादसे में उनके साथ काम कर रहे दूसरे सीनियर टेक्निशियन मृग भूषण सिंह का पैर टूट गया। मृतक और घायल दोनों धनबाद लोको शेड के कर्मचारी हैं। घटना आज अलसुबह की है। घायल को इलाज के लिए धनबाद रेलवे अस्पताल लाया गया है। अभी वह ऑरपेशन थियेटर में जिंदगी से जंग लड़ रहा है।

मालगाड़ी के क्षतिग्रस्त वैगन क्रेन से मदद से हटाए जा रहे थे। गुरुवार अलसुबह क्रेन से उठा कर रखा गया एक वैगन लड़खड़ा कर अचानक गिर गया। इस घटना में वहां खड़े दोनों सीनियर टेक्निशियन बुरी तरह जख्मी हो गये। गंभीर रूप से जख्मी रंजीत को गया रेलवे अस्पताल भेजा गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए गया के मगध मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया ।लगभग तीन घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसकी मौत हो गई। उसके शव को पाेर्स्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दूसरे जख्मी टेक्निशियन को इलाज के लिए धनबाद लाया गया है। घटनास्थल पर रेलवे के वरीय अधिकारी पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *