जोरापोखर। डिगवाडीह बाजार स्थित बेवकूफ चाउमीन दुकान के सामने बिजली विभाग के पोल पर रविवार दोपहर करीब एक बजे शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे पोल पर लगे केबलों और तारों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं, साथ ही काले धुएं का गुबार उठने लगा। व्यस्त बाजार होने के कारण सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस समय पोल के नीचे कोई नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग की लपटें सड़क तक आ रही थीं, बावजूद इसके बाइक, ई-रिक्शा और टेंपो चालक जान जोखिम में डालकर उसी रास्ते से गुजरते रहे थे।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार बिजली विभाग के जर्जर तारों और ओवरलोड के कारण अक्सर स्पार्किंग होती रहती है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है। इस घटना के बाद आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति कुछ देर के लिए बाधित हो गई।
