अभिषेक मिश्रा
चासनाला । सुदामडी थाना क्षेत्र के नुनूडीह डंगालधौड़ा न्यू क्वार्टर में बीसीसीएल के क्वार्टर नंबर 302 को कथित रूप बच्ची देवी ने 60 हजार रुपये में सूर्यकांत पांडे बेचने के आरोप को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मामले का विरोध करने पर रेखा देवी और उनकी पुत्री शालिनी वर्मा के साथ मारपीट किए जाने तथा सोने के आभूषण छीनने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया गया कि क्वार्टर नंबर 302 को लेकर लंबे समय से कब्जे और उपयोग को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच क्वार्टर को कथित रूप से 60 हजार रुपये में दूसरे व्यक्ति को दिए जाने की बात सामने आई। इसका रेखा देवी और उनकी पुत्री ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। रेखा देवी ने घटना के दौरान सोने के आभूषण छीन लिए जाने का भी आरोप लगाया है।
मामले की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल के धौड़ा बाबू भोला चौहान मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने विवादित क्वार्टर में ताला लगवा दिया। भोला चौहान के अनुसार, क्वार्टर से संबंधित शिकायत प्रबंधन को लिखित रूप में प्राप्त हुई है। फिलहाल क्वार्टर पर ताला लगा दिया गया है और मामले को आगे की कार्रवाई के लिए प्रबंधन के स्तर पर भेजा गया है।
इधर, रेखा देवी ने पूरे मामले को लेकर सुदामडीह थाना में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से घटना की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में मारपीट और आभूषण छीनने से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं, क्वार्टर पर बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से भी आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।
