झरिया । गुरुवार की शाम लगभग 4 बजे झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला गोशाला मोड़ के समीप मामूली बात को लेकर तीन चारपहिया वाहनों पर सवार लगभग डेढ़ दर्जन युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने हॉकी स्टिक और लाठियों से राहगीरों व स्थानीय लोगों की पिटाई कर दी। घटना में बस्ताकोला निवासी रोशन सिंह (28) और महेश भुइयां (34) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज झरिया के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन कारों में सवार युवक झरिया से धनबाद की ओर तेज गति से जा रहे थे। युवक आपस में कार रेस कर रहे थे। इसी दौरान गोशाला मोड़ के समीप एक कार अनियंत्रित होकर फल दुकान के पास पहुंच गई और उसकी चपेट में आने से महेश भुइयां घायल हो गए। उनके हाथ में चोट लगी।घटना का स्थानीय लोगों ने विरोध किया और तेज गति से वाहन चलाने पर युवकों से सवाल किया। आरोप है कि इससे आक्रोशित युवक वाहनों से बेसबॉल बैट, हॉकी स्टिक और लाठियां लेकर उतर गए तथा वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे रोशन सिंह के सिर पर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान कई राहगीरों के साथ भी मारपीट की गई।युवकों का उत्पात बढ़ता देख स्थानीय लोग गोलबंद हो गए और उनका विरोध करने लगे। खुद को घिरता देख दो वाहनों पर सवार युवक मौके से फरार हो गए। जबकि एक कार और दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की।सूचना मिलने पर झरिया थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस एक कार और दो युवकों को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि आरोपी युवक झरिया क्षेत्र के घनूडीह व वाटर बोर्ड कॉलोनी और भगतडीह के कुछ युवक भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *