नाबालिग बेटे का फोड़ा सिर – जोड़ापोखर थाने में शिकायत

जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के डीनोवली मोड़ के समीप, विजयगढ़ में पानी भरने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों द्वारा एक महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला के 16 वर्षीय पुत्र का सिर फट गया है। मामले को लेकर पीड़िता ने जोड़ापोखर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता किरण देवी ने अपने दिए आवेदन में बताया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले सुरेन्द्र यादव, रंजू देवी, नितीश यादव, निशा देवी और सतीश यादव अक्सर पानी भरने को लेकर झगड़ा करते हैं। आरोप है कि जब वह पानी लेने जाती हैं तो आरोपी जबरन खुद पानी लेने लगते हैं और उन्हें पानी नहीं लेने देते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करते हैं।

आवेदन के अनुसार, बुधवार को शाम करीब 4 बजे जब किरण देवी घर पर अकेली थीं, तभी सुरेन्द्र यादव, रंजू देवी और निशा देवी ने जान मारने की नीयत से उन्हें अकेला पाकर लात-मुक्कों से मारना शुरू कर दिया और बाल खींचकर जमीन में घसीटते हुए धमकी दी कि घर पर अकेली है, इसे जान से मार दो किसी को पता नहीं चलेगा।

इसके बाद रात करीब 8 बजे जब उनके पति पिंटू पाण्डेय और पुत्र राजन पाण्डेय आरोपी के घर समझाने गए कि हम पड़ोसी हैं, इस तरह लड़ना सही नहीं है और लड़ाई खत्म करने के लिए माफी मांगने लगे, तो सभी आरोपी गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि सुरेन्द्र यादव और सतीश यादव ने लोहे के रॉड से राजन पाण्डेय के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसे और उसके पति को लाठी-डंडे से पीटा, जिससे उन्हें अंदरूनी चोट आई। बीच-बचाव करने गई पुत्री रजनी कुमारी और पुत्र पियूष कुमार के साथ भी मारपीट की गई और धमकी दी गई कि थाना जाओगे तो जान से मार देंगे। तुम लोगों को हम यहाँ बसाए हैं और यहाँ से कभी भी भगा देंगे।

पीड़िता ने कहा है कि आरोपियों के इस रवैये से पूरा परिवार भयभीत है और भविष्य में अनहोनी घटना होने का खतरा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *