अभिषेक मिश्रा
सड़क मार्ग पर भी मंडराया खतरा, स्थानीय लोगों में दहसत का माहौल।बीसीसीएल अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण।
चासनाला । बीसीसीएल के लोदना क्षेत्र अंतर्गत बरारी छह नंबर बस्ती के समीप गुरुवार को अहले सुबह तीन बजे अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंसने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जमीन धंसने के बाद घटनास्थल से आग की लपटें और धुआं निकलने लगा। इससे आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल व्याप्त है।
बताते चले कि घटना स्थल के समीप से लक्ष्मी कॉलोनी जाने वाला सड़क मार्ग भी खतरे की जद में आ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जमीन धंसने का दायरा बढ़ा तो सड़क भी प्रभावित हो सकती है, जिससे आवागमन बाधित होने की आशंका है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में बीसीसीएल प्रबंधन के प्रति आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि कोयला चोरी के उद्देश्य से क्षेत्र में सिरमुहान बनाया गया था, जिसके कारण जमीन धंसने की स्थिति उत्पन्न हुई। स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा प्रभावित क्षेत्र को तत्काल सुरक्षित करने की मांग की है।
इस घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जेसीबी के द्वारा फिलहाल मुहाने की भराई कर दिया गया है। प्रबंधन की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से प्रभावित क्षेत्र में जल्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।
