धनबाद । सरायढेला थाना क्षेत्र के सुगियाडीह मोड़, राजा तालाब स्थित पानी टंकी के समीप एक घर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति को भनक तक नहीं लगने दी और अलमारी व बक्से में रखे करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात तथा 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात के समय गृहस्वामी राजेश महतो और उनकी पत्नी मंजू देवी घर में अकेले थे। उनका बेटा गौरव महतो बाहर रहकर काम करता है, जबकि बहू रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके गई हुई थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात घर को निशाना बनाया। परिजनों के अनुसार, चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के कमरों को खंगाला और अलमारी तथा बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी करने के बाद चोरों ने घर के दरवाजे पर बाहर से छिटकिनी लगा दी, ताकि बुजुर्ग दंपति तत्काल बाहर न निकल सकें। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए।

सुबह जब चोरी की घटना का पता चला तो घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने मामले की सूचना सरायढेला थाना पुलिस को दी। आरोप है कि आवेदन देने के बाद भी पुलिस तत्काल जांच-पड़ताल के लिए मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों की ओर से 112 नंबर पर कॉल किए जाने के बाद पुलिस टीम घर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। चोरी की इस वारदात के बाद परिवार में भय का माहौल है। वहीं, बेटे गौरव महतो ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि घर में बुजुर्ग दंपति मौजूद थे और चोर रात के समय घर में घुसकर चोरी कर आसानी से फरार हो गए, तो यह इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है। अब पुलिस के लिए चुनौती है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचकर मामले का जल्द खुलासा करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *