धनबाद । सदर थाना क्षेत्र स्थित बेकार बांध तालाब में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस और वार्ड पार्षद को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान दुर्गा मंदिर, बेकार बांध निवासी 50 वर्षीय राकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि राकेश कुमार सिंह कल दोपहर से ही घर से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान आज स्थानीय लोगों की नजर बेकार बांध तालाब में तैरते शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही सदर थाना की गश्ती टीम और स्थानीय पार्षद अशोक पाल मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। शव की पहचान राकेश कुमार सिंह के रूप में की गई।
पार्षद अशोक पाल ने बताया कि राकेश कुमार सिंह के परिजन कल दोपहर से ही उनकी तलाश कर रहे थे। आज तालाब में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस को जानकारी दी गई और शव को बाहर निकाला गया। राकेश कुमार सिंह अंडा और सब्जी की दुकान चलाते थे।
वहीं, मृतक के चचेरे भाई वीर कुमार सिंह ने बताया कि राकेश की मानसिक स्थिति पिछले कई वर्षों से ठीक नहीं थी और उनका इलाज भी चल रहा था। परिवार के अनुसार, वह हर छह महीने में घर से इस तरह चले जाते थे। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
