धनबाद । जिले में युवा कांग्रेस के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यालय के बाहर मनुस्मृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने को लेकर सोमवार को जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का पुतला लेकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान मौके पर तैनात सरायढेला पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की रोक के बावजूद आगे बढ़ते रहे। जैसे ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के नजदीक पहुंचे, वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर खींचतान की स्थिति बन गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला छीन लिया और पुतला दहन के प्रयास को विफल कर दिया।

मामले को बढ़ता देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव को हिरासत में लेकर थाना भेज दिया। इसके बावजूद मौके पर मौजूद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कार्यकर्ता लगातार पुतला दहन करने की कोशिश करते रहे, जिससे कुछ देर के लिए भाजपा कार्यालय के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और वापस लौटने की अपील की। काफी समझाने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता वहां से लौट गए। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता भी काफी देर तक मौके पर मुस्तैदी के साथ डटे रहे।

युवा कांग्रेस नेता अभिजीत राज ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद भाजपा द्वारा कथित शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में देशभर में युवा कांग्रेस की ओर से भाजपा कार्यालयों के बाहर मनुस्मृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने का कार्यक्रम रखा गया है। इसी कार्यक्रम के तहत धनबाद में भी पुतला दहन करने के लिए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे थे।

वहीं भाजपा नेता शिवराज श्रीवास्तव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा के पास देश में केवल तीन सांसद थे, तब भी कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई, और आज भाजपा के पास 303 सांसद हैं तो कांग्रेस क्या कर लेगी। उन्होंने कहा कि धनबाद में कांग्रेस के द्वारा किया गया पुतला दहन का प्रयास पूरी तरह विफल रहा है और आगे भी ऐसे प्रयासों को विफल किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस की तत्परता और दोनों पक्षों को समझाने के बाद स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, भाजपा कार्यालय के बाहर कुछ देर तक चले इस पुतला दहन विवाद ने धनबाद की सियासत को गरमा दिया। एक तरफ युवा कांग्रेस ने अपने विरोध प्रदर्शन के जरिए भाजपा पर हमला बोला, तो दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर पुतला दहन के प्रयास को विफल कर दिया। इस दौरान पुलिस को भी दोनों पक्षों के बीच स्थिति संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

धनबाद: कांग्रेस ने किया बीजेपी का पुतला दहन, तानाशाही के खिलाफ जताया विरोध धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी के विरोध में बीजेपी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *