जोरापोखर। झरिया थाना क्षेत्र के भागा 5 नंबर में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रेलवे कर्मी सुनील पासवान के पुत्र चंदन पासवान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आज दोपहर करीब डेढ़ बजे चंदन अपने घर के सामने की नाली साफ कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली (ठनका) गिरी और चंदन उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।परिजन आनन-फानन में उसे लेकर धनबाद एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि चंदन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। पढ़ा-लिखा और मिलनसार स्वभाव का चंदन पूरे मोहल्ले में प्रिय था। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मां और दोनों बहनों की चीत्कार से पूरे मोहल्ले का माहौल गमगीन हो गया है। मृतक के परिजन शव को लेकर अपने पैतृक गांव गिरिडीह के लिए रवाना हो गए हैं, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद भागा 5 नंबर इलाके में शोक की लहर है।
