निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जामताड़ा में पदस्थापित डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह की गुरुवार को अचानक मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार झिलुआ स्थित आईआरबी-1 कैंप में किचन के पास अचानक गिरने से उनके साथ हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनकी मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक घटना के बाद डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उन्हें देर शामअस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। बताया गया कि डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह इन दिनों श्रावणी मेला ड्यूटी में तैनात थे। वे प्रतिदिन देवघर से ड्यूटी के लिए अप-डाउन करते थे। गुरुवार को झिलुआ स्थित आईआरबी-1 परिसर में अचानक गिरने की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा के एसपी शंभू कुमार सिंह सहित पुलिस के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह के आकस्मिक निधन से पुलिस अधिकारी और जवान स्तब्ध हैं। उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर विभागीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। आधिकारिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
