जोरापोखर। धनबाद नगर निगम क्षेत्र में कचरा उठाव का कार्य कर रही रेमकी कंपनी की गाड़ी की चपेट में आने से मंगलवार को धनबाद के धैया ठाकुरकुली निवासी मिथिलेश रजक (35) गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने नगर निगम के मुख्य द्वार पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेत्री श्रीमती अनुपमा सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।
मौके से ही श्रीमती सिंह ने धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त आशीष गंगवार से दूरभाष पर वार्ता कर मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग रखी। उन्होंने परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा बच्चों की शिक्षा-परवरिश के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वार्ता के बाद सहायता पर सहमति बनी। तय हुआ कि मृतक की पत्नी को तत्काल 2.50 लाख रुपये नकद सहायता दी जाएगी। रेमकी कंपनी में मृतक की पत्नी को 20,000 रुपये प्रतिमाह पर नौकरी दी जाएगी।
गाड़ी के इंश्योरेंस से मिलने वाली राशि के अलावा झारखंड सरकार की ओर से 4 लाख और केंद्र सरकार की ओर से 2 लाख रुपये की सहायता भी परिवार को दिलाई जाएगी। यह पूरी वार्ता कांग्रेस नेत्री श्रीमती अनुपमा सिंह ने जिला अध्यक्ष संतोष सिंह के सहयोग से संपन्न कराई। श्रीमती सिंह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस परिवार मृतक के परिजनों के साथ खड़ा है और परिवार को न्याय एवं सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
