इचाक -सिजुआ बिरहोर टांडा में देर रात मर्डर से सनसनी

मामूली विवाद में फरसा से वार कर बिरहोर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रामावतार स्वर्णकार
इचाक: थाना क्षेत्र के सिझुआ स्थित बिरहोर टांडा में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार की देर रात करीब एक बजे दो बिरहोर युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक की फरसा से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुनील बिरहोर( उम्र 27 वर्ष) (पिता बुधन बिरहोर) के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने आरोपी विजय बिरहोर (पिता राजकुमार बिरहोर) बिरहोर टांडा निवासी को महज 2 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हत्या में प्रयुक्त फरसा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मृतक की पत्नी पिंकी बिरहोरीन, मां सीता बिरहोरिन और सास अनिता विरहोरिन ने बताया कि रात में कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी की पत्नी सुनीता विरहोरिन ने सुनील बिरहोर से शराब मांगी। सुनील ने उसे शराब पीने से मना करते हुए घर जाने को कहा। लेकिन सुनीता गुस्से में सुनील को गाली गलौज करने लगी। इसी बीच गुस्साए सुनील ने कथित रूप से सुनीता को एक थप्पड़ जड़ दिया जिससे आरोपी की पत्नी गिर गई। पत्नी के गिरने से नाराज विजय बिरहोर घर से फरसा लेकर आया और पीछे से सुनील के गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुनील की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हत्यारा की पत्नी सुनीता बिरहोरीन मृतक की सगी मौसी लगती थी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया तथा हत्या में प्रयुक्त फरसा जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार आरोपी विजय बिरहोर आपराधिक क्षवि है। उसपर पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सिझुआ बिरहोर टांडा में करीब 13 बिरहोर परिवार रहते हैं और यह समुदाय पिछले लगभग 100 वर्षों से यहां निवास कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस बस्ती में इस तरह की हत्या की घटना पहली बार हुई है, जिससे पूरे टांडा में मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद पूरे दिन बिरहोर टांडा में मातम छा गया। किसी भी घर का चूल्हा नहीं जला। छोटे-छोटे बच्चों के सामने भोजन का संकट उत्पन्न हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर समाजसेवी सत्येंद्र कुमार मेहता ने तत्काल चूड़ा, गुड सहित अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था कर पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई। उन्होंने मृतक के अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई। वहीं थाना प्रभारी गौतम कुमार ने पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाते समय मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार ने भी पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। अंचलाधिकारी अनंत कुमार झा ने कहा कि मृतक के आश्रित को हर संभव सरकारी सहायता दी जाएगी।
सुनील के मौत के बाद पत्नी पत्नी पिंकी के सामने गंभीर आर्थिक संकेत खड़ा हो गया। क्योंकि सुनील घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। मृतक गाड़ी चलाकर एवं दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।
परिजनों ने कहा कि अब हम लोगों के बीच भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है ।यह भी कहा कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की सजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मृतक की पत्नी और बच्चों के पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहायता एवं पुनर्वास की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इधर फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर कई साक्ष इकट्ठा कर अपने साथ ले गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *