उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ सफर कर रहे सोनू नाम के युवक ने भी मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, आबान अपने कुछ साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जा रहा था। उसका मकसद झांसी मंडल कारागार में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करना था। रास्ते में झांसी-ललितपुर हाईवे पर कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और कई बार पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची, कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने आबान और उसके साथी सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन की तकनीकी जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। आबान, अतीक अहमद के परिवार का सबसे छोटा बेटा था । जिसके बड़े भाई अली अहमद इस समय झांसी जेल में बंद हैं। आबान के मौत की खबर सामने आने के बाद प्रयागराज और झांसी में सुरक्षा व्यवस्था भी सतर्क कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *