मुंबई के जुहू एरिया में फायरिंग की खबर सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फायरिंग किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी इसका पता लगाया जा रहा है। मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर कथित तौर पर फायरिंग की घटना का मामला सामने आया है । बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने वहां पहुंचकर गोलियां चलाईं। शुरुआती खबरों में दावा किया गया था कि टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर समेत तीन लोग घायल हुए हैं। हालांकि, एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभिनेता सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है। इस घटना में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है।
टाइगर को मिली थी धमकी?
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इससे पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी हैरी बॉक्सर की ओर से अभिनेता को कथित तौर पर धमकी दिए जाने की खबर सामने आई थी। इस घटना के बाद राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने मुंबई में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए महाराष्ट्र सरकार पर अपराधों पर लगाम लगाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सचिन सावंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की खबर बेहद चौंकाने वाली है। मुंबई में आखिर चल क्या रहा है? बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान खान के घर पर फायरिंग और कई अभिनेताओं व फिल्म निर्माताओं को धमकियां… मुंबई में कानू व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है।”
