राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक होटेल फ्लोरिस स्टे में भीषण आग लग गई है । जानकारी के मुताबिक, अब तक इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो चुकी है । आग लगने की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया । शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया, लेकिन कई लोग धुएं और आग की चपेट में आ गए । आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है । पुलिस, फायर विभाग और अन्य एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मामले पर दुख जताया है । उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “मालवीय नगर में भीषण आग की घटना में हुई जान-माल की भारी क्षति से मैं अत्यंत दुखी हूं । शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं । मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की और इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति व साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं ।”

उन्होंने आगे कहा कि घटना की सूचना मिलते ही, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत एक्टिव किया गया और बचाव व राहत कार्य शुरू किए गए । उनकी त्वरित कार्रवाई की मदद से प्रभावित परिसर से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका ।

रेखा गुप्ता ने आगे कहा, “दिल्ली सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है । प्रभावित परिवारों को सभी जरूरी चिकित्सा सहायता और सहयोग प्रदान किया जा रहा है । दुख की इस घड़ी में, दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है । हम इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *