निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले में राजस्व मामलों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में संबंधित अंचल निरीक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान अपर समाहर्ता ने लंबित म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) मामलों को शीघ्र निपटाने तथा सुओ मोटू म्यूटेशन के मामलों का भी समयबद्ध निष्पादन करने पर जोर दिया। इसके अलावा उत्तराधिकार एवं बंटवारा से जुड़े म्यूटेशन मामलों तथा सीमांकन के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के क्रम में अस्वीकृत मामलों के कारणों की भी विस्तार से जांच की गई। अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का निष्पादन पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। इसके लिए सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें और राजस्व मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करें।
बैठक में संबंधित अंचल निरीक्षक एवं कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान राजस्व कार्यों में तेजी लाने तथा आम नागरिकों को समयबद्ध और बेहतर सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
