धनबाद । वासेपुर के भगोड़े प्रिंस खान एक बार फिर चर्चा में है । निरसा विधायक अरूप चटर्जी का आरोप है कि प्रिंस खान ने उनसे रंगदारी की मांग की है और नही देने पर सीधा रिजल्ट देने की धमकी दी गई है । दूसरी ओर, पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर वासेपुर स्थित प्रिंस खान के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है । पुलिस जेसीबी लेकर उसके घर पहुंची है । निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल, ऑडियो कॉल और मैसेज के जरिए रंगदारी मांगी गई । साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई । विधायक ने इस पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड के डीजीपी और धनबाद के एसएसपी को दी है । उन्होंने कहा कि वे इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की है । मामले को लेकर एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है । इधर, कोर्ट के आदेश के बाद धनबाद पुलिस ने सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में वासेपुर स्थित भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है । पुलिस टीम जेसीबी और ढोल-नगाड़ों के साथ मौके पर पहुंची । पुलिस ने भवन को खाली कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है । सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित भवन काफी जर्जर हो चुका है, आसपास बच्चे खेलते हैं और भवन का नक्शा भी स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं है । सुरक्षा और न्यायालय के आदेश के अनुपालन को ध्यान में रखते हुए जेसीबी की मदद से कार्रवाई की जा रही है । उन्होंने कहा कि कोर्ट के निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया भी जारी रहेगी ।
